fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंदौली पहुंचे कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, मत्स्य मंडी का किया निरीक्षण, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

चंदौली। प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद और प्रमुख सचिव मत्स्य निदेशालय ने बुधवार को मुख्यालय स्थित नवीन मंडी परिषद परिसर में निर्माणाधीन मत्स्य मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य प्रगति का स्थलीय अवलोकन करते हुए मंडी को ‘मॉडल मत्स्य हब’ के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। मत्स्य मंडी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे।

 

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि मंडी को चालू किए जाने से पहले उसमें सभी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से आइस प्लांट, शीत श्रृंखला (कोल्ड चेन), स्वच्छता, जल निकासी व्यवस्था और मार्केटिंग सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही ताकि मत्स्य व्यवसायियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं प्राप्त हों।

 

मंत्री ने मौके पर उपस्थित मत्स्य पालकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मत्स्य पालकों की आय वृद्धि और सतत विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। मत्स्य मंडी का विकास ‘ब्लू इकोनॉमी’ को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम है।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं भी मौजूद रहे। उन्होंने मत्स्य पालकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया मत्स्य विभाग के नियमों के तहत पारदर्शी तरीके से की जाएगी, जिससे किसी प्रकार की अनियमितता की आशंका न रहे। इस अवसर पर मत्स्य विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मत्स्यपालक उपस्थित रहे। निरीक्षण कार्यक्रम से स्पष्ट हुआ कि राज्य सरकार मत्स्य उद्योग को बढ़ावा देने और स्थानीय रोजगार सृजन के प्रति गंभीर एवं प्रतिबद्ध है।

 

Back to top button