fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : सरकार की आठ साल की उपलब्धियां गिनाने चंदौली पहुंचे कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, बोले, चंदौली-मिर्जापुर औद्योगिक गलियारे से दोनों जिलों के विकास को मिलेगी गति

चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार की “सेवा, सुरक्षा व सुशासन” नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में डीपीआरसी, नियमताबाद में तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री, प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले, आशीष पटेल ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने सरकार की आठ वर्ष की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान सुशासन, औद्योगिक विकास की बात की।

कार्यक्रम के दौरान लाल बहादुर शास्त्री बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं स्वागत गीत से अतिथियों का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री ने प्रदेश सरकार की पिछले आठ वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने जनहित में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिससे समाज के सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। इस अवसर पर नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।

कैबिनेट मंत्री ने चंदौली-मिर्जापुर औद्योगिक गलियारे के विकास की बात करते हुए कहा कि इस परियोजना से पूरे क्षेत्र का समग्र विकास होगा। उन्होंने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्रत्येक गांव तक पहुंचाने के लिए योजनाओं की बुकलेट तैयार करवाई जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।

सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि चंदौली जिले का विकास तेजी से हो रहा है और प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं, जिससे आर्थिक प्रगति हो रही है। उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान “सेवा, सुरक्षा व सुशासन के आठ वर्ष” पुस्तक का विमोचन भी किया गया। सेवायोजन विभाग द्वारा डीपीआरसी नियमताबाद में रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जीवन बीमा निगम, इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, टाटा मोटर्स, शिव शक्ति एग्रीटेक सहित अन्य कंपनियों ने कुल 93 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर किया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष निखिल टी फुंडे, सीडीओ आर, जगत साई, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वाईके राय, डीडीओ सपना अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा, उप निदेशक कृषि, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जीएम डीआईसी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह सहित विभिन्न विभागों के लाभार्थी और आम जनमानस उपस्थित रहा।

 

Back to top button