
चंदौली। सदर कोतवाली के जगदीश सराय के पास नेशनल हाईवे पर रील बनाने के चक्कर में बाइक सवार मामा और भांजा ट्रक में घुस गए। इसमें मामा की मौत हो गई। वहीं भांजा घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।
मिर्जापुर के अहरौरा निवासी मनीष (22 वर्ष) अपने 12 वर्षीय भांजे संजीत निवासी ककरवत के साथ बाइक से जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक से चलते समय दोनों मोबाइल से रील बनाने लगे, उसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल भांजे का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की छानबीन में जुटी रही।

