चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: सोलर लाइट ट्रैप से होगा हानिकारक कीटों पर नियंत्रण किसानों को 75 प्रतिशत अनुदान पर मिलेगा सोलर लाईट ट्रैप

चंदौली । जनपद के किसानों को अब फसलों में लगने वाले हानिकारक कीटों से निजात दिलाने के लिए रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कृषि विभाग की ओर से 75 प्रतिशत अनुदान पर सोलर लाइट ट्रैप योजना शुरू की गई है, जो एक पर्यावरण अनुकूल तकनीक से हानिकारक कीटो का प्रबंधन करने में मदद करेगा ।
शासन की ओर से जनपद के किसानों के लिए कुल 900 सोलर लाइट ट्रैप उपलब्ध कराए गए हैं। एक सोलर लाइट ट्रैप की कीमत 635 रुपये निर्धारित की गई है जिस पर किसानों को 75 प्रतिशत अनुदान यानि रुपये 476/- डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का पंजीकरण होना अनिवार्य है।

क्यों करें लाईट ट्रैप का प्रयोग

आमतौर पर कीट नियंत्रण के लिए किसानों द्वारा रासायनिक कीटनाशकों का प्रयोग किया जाता है। इससे फसलों की गुणवत्ता तो प्रभावित होती ही है मानव स्वास्थ्य पर भी को नकारात्मक प्रभाव पड़ता है साथ ही रसायन मित्र कीटों को भी नष्ट कर देते हैं। इससे खेती का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ जाता है। सोलर लाइट ट्रैप के प्रयोग से इन दुष्प्रभावों से बचा जा सकेगा और कीटनाशकों के अत्यधिक छिड़काव में भी कमी आएगी।

इस प्रकार काम करेगा यह उपकरण

यह उपकरण सौर ऊर्जा से संचालित होने वाला है जो एक विशेष प्रकार की लाइट देता है जिसको खेतो में स्थापित करना होगा। उपकरण दिन में सोलर प्लेट से स्वयं चार्ज होने के बाद रात में स्वतः जल जाएगा। इसके विशेष प्रकाश से आकर्षित होकर हानिकारक कीट नीचे लगे संग्रह कक्ष में गिर जाएंगे जिसमे पेट्रोल डीजल युक्त जल भरा होगा, यहां वे नष्ट हो जाएंगे। यह एक सुरक्षित व किफायती तकनीक है जो पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल है। कृषि रक्षा अधिकारी स्नेह प्रभा ने किसानों से अपील की है कि इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Back to top button
error: Content is protected !!