
Chandauli News: जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चंदौली पुलिस विशेष अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर बुधवार को रिंग रोड पर तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
यातायात प्रभारी सत्यप्रकाश यादव और उनकी टीम द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान रिंग रोड पर 26 तेज गति से चलने वाले वाहनों का चालान किया गया। साथ ही वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को बताया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाना, मोबाइल फोन का प्रयोग करना, ओवरलोड वाहन चलाना, बिना सीट बेल्ट या हेलमेट के सफर करना जानलेवा हो सकता है। पुलिस ने विशेष रूप से अवयस्कों को वाहन न सौंपने और तय सीमा के भीतर वाहन चलाने की अपील की।
इस दौरान लोगों को जागरूक करते हुए यह भी बताया गया कि यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।