
चंदौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के खिलाफ कंदवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई अवर अभियंता लघु डाल सूर्याकांत सिंह की शिकायत पर की गई। मनोज सिंह पर आरोप है कि उन्होंने लोक सेवक को कार्य निष्पादन में बाधा पहुँचाने, धमकी देने और सोशल मीडिया पर अपमानजनक वीडियो पोस्ट करने जैसे अपराध किए हैं। मामला धारा 221, 351(2) बी.एन.एस. के तहत पंजीकृत किया गया है। एसपी आदित्य लांघे ने पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है।
दरअसल पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने हाल ही में चारी पम्प कैनाल का निरीक्षण किया था। किसानों ने शिकायत की थी कि धान की फसल फूटने को है और पानी की सख्त जरूरत है, लेकिन छोटे और बड़े दोनों पम्प बंद पड़े हैं। किसानों की समस्याओं को देखते हुए मनोज सिंह ने अधिकारियों और भाजपा जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई थी।
उन्होंने एक्सईएन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि यदि पानी की समस्या हल नहीं हुई तो किसान पम्प कैनाल पर धरना देंगे। इसी बीच एक वीडियो बनाकर अपने फेसबुक पेज पर अपलोड भी किया, जिसमें सपा नेता चप्पल लहराते नजर आए। समस्या दूर नहीं होने पर चप्पल से बात करने की धमकी दी।
प्रशासन ने इस वीडियो और शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मनोज सिंह डब्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि मुझे मुकदमे की कोई जानकारी नहीं है। किसानों की आवाज उठाना मेरा कर्तव्य है। मैं किसानों के हक की लड़ाई जारी रखूंगा।