
चंदौली। जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित आरती पशु आहार कंपनी में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। ढलाई के दौरान मिक्सचर मशीन में अचानक करंट उतर आने से एक महिला सहित चार मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना शाम करीब पांच बजे की है, जब फैक्ट्री में ढलाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मशीन में करंट उतरने से दिलीप (35), फूलचंद (45), राजू (35) और सुशीला (40) गंभीर रूप से झुलस गए। सहकर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना जफरपुर पुलिस चौकी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी मजदूरों की हालत फिलहाल स्थिर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिसके कारण ऐसी दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। कुछ दिन पूर्व भी इसी फैक्ट्री के गोदाम में आग लगने की घटना हुई थी, जिस पर फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काबू पाया था।

