
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के कटारूपुर गांव में शुक्रवार रात सेना से सेवानिवृत्त 40 वर्षीय वकील यादव की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्वर्गीय गंगाराम यादव के सबसे छोटे पुत्र वकील यादव फरवरी 2024 में सेना से रिटायर हुए थे। शुक्रवार रात वह परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। देर रात लघुशंका के लिए उठे, लेकिन छत पर मुंडेर न होने और अंधेरे के कारण संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे सीसी रोड पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ देर बाद पत्नी पुष्पा देवी ने पति को बिस्तर पर न देखकर तलाश की तो उन्हें नीचे खून से लथपथ पड़ा पाया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण जुट गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह व मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां स्वाति (14) व साक्षी (12) और वृद्ध मां को छोड़ गए हैं। घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर है।

