
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के दुबेपुर स्थित निजी अस्पताल में प्रसूता रिंका कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चकिया के प्रभारी डॉ. विकास सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने बीएन सर्जिकल सेंटर को सीज कर दिया।
सोमवार को प्रसव के लिए भर्ती कराई गई महिला का ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म कराया गया था, लेकिन शाम के समय उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन ने गंभीर स्थिति के बावजूद महिला को बिना ऑक्सीजन सपोर्ट के वाराणसी रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हंगामे के बाद जांच, अस्पताल सीज
महिला की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। अस्पताल संचालक के मौके से फरार हो गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया और प्रथम दृष्टया खामियां मिलने पर अस्पताल को सीज कर दिया। साथ ही अस्पताल के रजिस्ट्रेशन, उपकरणों और स्टाफ संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

