
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में पलट गई। इस हादसे में परासी कला निवासी 28 वर्षीय जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 48 वर्षीय गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि अंधेरी रात में अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में जा गिरी। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को ट्रॉली से बाहर निकाला गया। जितेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल गोपाल का इलाज जारी है।
जैसे ही हादसे की खबर परासी कला गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक जितेंद्र परिवार की जिम्मेदारियों का सहारा था, उसकी असमय मौत से घर की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं।
शहाबगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

