
चंदौली। सकलडीहा तहसील क्षेत्र के डेढ़गांव स्थित एक ICT सेंटर पर संचालित D.El.Ed पाठ्यक्रम को लेकर सोमवार को छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। धरना प्रदर्शन करते हुए संस्थान पर बिना मान्यता के फर्जी तरीके से कोर्स चलाने का आरोप लगाया।
छात्रों के अनुसार, वे Dayalbagh Educational Institute से संबद्ध D.El.Ed पाठ्यक्रम के विद्यार्थी हैं, जिसका संचालन सकलडीहा तहसील के डेढ़गांव स्थित ICT सेंटर के माध्यम से किया जा रहा है। हालांकि हाल ही में यह जानकारी सामने आई कि इस कोर्स के संचालन के लिए Uttar Pradesh State Council of Educational Research and Training (SCERT) से कोई वैध मान्यता प्राप्त नहीं है।
धरने पर बैठे छात्रों ने कई गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि वर्ष 2017 से लगातार बिना मान्यता के प्रवेश लिए जा रहे हैं और मान्यता के नाम पर भ्रामक जानकारी देकर उन्हें गुमराह किया गया। SCERT की जगह अन्य संस्थाओं, जैसे NCTE, का हवाला देकर भ्रम फैलाया गया। विरोध करने पर छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देने की भी बात सामने आई है।
छात्रों ने इसे अपने भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ बताते हुए कहा कि दो वर्षों की मेहनत और समय दांव पर लग गया है।
धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

