
चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत पौरा रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन हादसे में 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का पैर टूट गया है और उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
दिघवट गांव निवासी रेलवे कर्मचारी रमेश राय की पत्नी लक्ष्मीना देवी अपनी बेटी पूजा के साथ दवा लेने कमालपुर जा रही थीं। सुबह करीब 7 बजे जब वे पौरा रेलवे क्रॉसिंग पहुंचीं तो गेट बंद था। बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान वे मुगलसराय-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गईं।
हादसे में लक्ष्मीना देवी की मौके पर ही मौत हो गई। मां को बचाने की कोशिश में उनकी बेटी पूजा भी ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और परिजनों को सूचना दी गई।
परिजनों ने घायल पूजा को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
सकलडीहा थाना प्रभारी भूपेश निषाद ने बताया कि मां-बेटी दवा लेने धानापुर जा रही थीं। रेलवे गेट बंद होने के बावजूद ट्रैक पार करने के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

