
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के पपरौल गांव निवासी किशोर गांव के पास ही गंगा घाट पर पूजन सामग्री विसर्जन के बाद स्नान के दौरान नदी में डूब गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश में जुट गई। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। रात होने के कारण खोजबीन बंद कर दी गई।
पपरौल गांव निवासी जयनाथ बिंद का पुत्र मनदीप बिंद (16) रविवार की शाम दोस्तों संग गांव के ही गंगा घाट पर दुर्गा पूजा की सामग्री और माला फूल विसर्जन करने गया था। इस दौरान मनदीप स्नान करने लगा। नहाते समय गहरे पानी में समा गया। दोस्तों ने शोरगुल मचाया तो स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। धानापुर थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से डूबे किशोर की तलाश में जुट गए। घंटों मशक्कत के बाद भी किशोर का कहीं अता पता नहीं चला सका। अंधेरा होने के कारण खोजबीन बंद कर दी गई। मनदीप चार भाइयों में सबसे छोटा था। गंगा में डूबने की सूचना के बाद परिवार में मातम पसर गया।