
चंदौली। सैयदराजा थाना अंतर्गत मनराज गांव में रविवार की शाम गैंगेस्टर कन्हैया यादव को पकड़ने गई पुलिस के साथ परिवार की महिलाएं उलझ गईं। पुलिस आरोपित के भाई को पकड़कर अपने साथ ले गई। इसके कुछ ही देर बाद कन्हैया की 20 वर्षीय पुत्री गुड़िया की मौत हो गई जबकि 18 वर्षीय छोटी पुत्री ने अपने हाथ की नस काट ली। घटना से गुस्साए ग्रामीण लाठी डंडे से लैस होकर अमड़ा-जमानियां मार्ग पर पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। कई वाहनों में तोड़फोड़ की। डायल 112 नंबर पुलिस की बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया और दो पुलिसकर्मियों की जमकर पिटाई भी कर दी। एक पुलिसकर्मी किसी तरह जान बचाकर भाग निकला जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बवाल को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई है। कई थानों की पुलिस बुलाई गई है। एसपी अंकुर अग्रवाल ने मामले की जांच बैठा दी है। कहा है कि यदि मामले में कोई पुलिसकर्मी दोषी मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मनराजपुर निवासी गैंगेस्टर के आरोपी कन्हैया को पकड़ने सैयदराजा थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह मय फोर्स पहुंचे। महिला पुलिस भी साथ थीं। कन्हैया पुलिस के हाथ नहीं लगा तो पुलिस ने उसके भाई को पकड़ लिया। घर की महिलाओं ने इसका विरोध किया। महिलाओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। आरोप है कि पुलिस ने महिलाओं की पिटाई भी की। पुलिस के जाते ही कन्हैया की बड़ी पुत्री गुड़िया की मौत हो गई। जबकि छोटी गुंजा ने अपने हाथ की नस काट ली। घटना के बाद नाराज ग्रामीण बवाल मचाए हुए हैं।