ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: इलाज के दौरान मासूम की मौत, मुगलसराय के अदित्री हॉस्पिटल के चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप, सीएमओ से लेकर सीएम तक शिकायत

चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के बनरसिया गांव निवासी कृष्णानंद पाण्डेय ने अपने सात महीने के बेटे लक्ष्य पाण्डेय की मौत को लेकर मुगलसराय स्थित अदित्री हॉस्पिटल के चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कृष्णानंद ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल (IGRS) पर दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित का कहना है कि 17 मई को बेटे की तबीयत बिगड़ने पर उसे अदित्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉ. रितेश सिंह की देखरेख में इलाज शुरू हुआ। इलाज के दौरान बच्चे की हालत और बिगड़ती चली गई। जब परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जाना चाहते थे, तो हॉस्पिटल स्टाफ ने न केवल मना कर दिया, बल्कि बहस भी की। बाद में जबरन बच्चे को वाराणसी के प्रज्ञा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की हालत गंभीर है और उसके बचने की संभावना बहुत कम है। कृष्णानंद का आरोप है कि अदित्री हॉस्पिटल में ओवरडोज इंजेक्शन देने से बच्चे की मौत हुई।

21 मई को पीड़ित ने मुगलसराय कोतवाली में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने इसे स्वास्थ्य विभाग का मामला बताते हुए लौटा दिया। इसके बाद पीड़ित ने चंदौली सीएमओ को पत्र सौंपते हुए ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।

सीएमओ डॉ. वाई के राय ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

Back to top button
error: Content is protected !!