
चंदौली। जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में टैंकरों से तेल चोरी के संगठित गिरोह का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में तेल माफियाओं को संरक्षण देने के आरोप में हेड कांस्टेबल रोशन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर गिरफ्तारी की बात कही है।
एडीजी पीयूष मोर्डिया और एसपी आदित्य लांघे ने विशेष टीम गठित कर अलीनगर क्षेत्र में टैंकरों से तेल चोरी के ठिकानों पर छापेमारी कराई। कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया, जिससे स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। छापेमारी के दौरान करीब एक हजार लीटर तेल, दो टैंकर, दो अन्य वाहन तथा तेल चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। आठ आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ और जांच के दौरान अलीनगर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल रोशन यादव का नाम सामने आया। आरोप है कि उसकी तेल माफियाओं से गहरी साठगांठ थी और वह अवैध कारोबार को संरक्षण दे रहा था। हालांकि अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की संदेह के घेरे में है।
थाना प्रभारी की तहरीर पर रोशन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी आदित्य लांघे ने पूर्वांचल टाइम्स को बताया कि आरोपी हेड कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाएगा तथा विभागीय जांच बैठाई जाएगी। इसके अतिरिक्त शहाबगंज ट्रांसफर होने के बाद भी आमद न कराने के मामले की अलग से जांच कराई जाएगी।
एसपी ने स्पष्ट किया कि तेल माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


