
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के टांडा कला पीपा पुल के पास शनिवार सुबह गंगा नदी में एक अज्ञात महिला का शव उतराता हुआ मिला। नदी किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने शव देख तत्काल बलुआ पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी गई है। महिला ने काले रंग का सलवार-कमीज पहन रखा था। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
थाना प्रभारी अतुल प्रजापति ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव बहकर यहां आने की आशंका है। शव करीब 4 से 5 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

