fbpx
क्राइमचंदौली

Chandauli News : चंदौली पुलिस की बड़ी कामयाबी, 45 लाख की शराब पकड़ी, फर्जी बिल्टी दिखाकर तस्कर अवैध शराब ले जा रहा था बिहार

चंदौली। पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कंदवा थाना के अमड़ा तिराहा के पास से कंटेनर में भरकर बिहार ले जाई जा रही 45 लाख की शराब बरामद की। साथ ही दिल्ली निवासी तस्कर को गिरफ्तार किया। तस्कर फर्जी बिल्टी दिखाकर शराब की खेप बिहार ले जाने की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

 

एएसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस के ठीक पहले पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया था कि गणतंत्र दिवस में पुलिस की व्यस्तता का लाभ कोई शातिर न उठा पाए। इससे पुलिस अलर्ट थी। कंदवा थाना पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्वाट टीम प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक कंटेनर में शराब भरकर बिहार ले जाए जाने की सूचना है। इस पर पुलिस एक्टिव हो गई। पुलिस व स्वाट टीम ने अमड़ा तिराहा के समीप घेरेबंदी कर ली। थोड़ी देर में कंटेनर आता दिखा। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया तो चालक थोड़ी दूर पहले ही गाड़ी रोककर भागने लगा। इस पर पहले से मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। कंटेनर की तलाशी ली गई को 482 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस पर पुलिस ने वेस्ट दिल्ली के स्वरूप नगर निवासी हरदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की कीमत लगभग 45 लाख बताई जा रही है। चालक के पास से अमृतसर से रांची माल ले जाने की फर्जी बिल्टी मिली। इसके जरिये पुलिस को चकमा देकर शराब की खेप बिहार ले जाने की फिराक में था। कंटेनर औरंगाबाद बिहार के यमुना नगर के रफीगंज सब्जी मंडी निवासी मोनू कुमार गुप्ता के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने कंटेनर को सीज कर दिया।

Back to top button