ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

चकिया नगर में अतिक्रमण विरोधी अभियान, प्रशासन की कार्यवाही से मचा हड़कंप

चंदौली। चकिया नगर पंचायत प्रशासन ने शुक्रवार को नगर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। एसडीएम चकिया एवं प्रभारी अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्रा तथा नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव के नेतृत्व में गांधी पार्क, मां काली नगर समेत मुख्य मार्गों पर फैले अतिक्रमण को हटाया गया।

नगर के दोनों ओर सड़क पर ठेला, खोमचा और गोमती रखकर किए जा रहे अवैध व्यवसाय के कारण नगर में लगातार जाम की समस्या बनी रहती थी। यहां तक कि आपातकालीन सेवा वाले वाहन भी घंटों फंस जाते थे। लगातार मिल रही शिकायतों और आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए अतिक्रमण हटवाया।

अभियान के दौरान मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहा। अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

प्रशासन की इस अचानक की गई कार्रवाई से नगर के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया, वहीं स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली। नगर में दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच इस अभियान को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Back to top button