
चंदौली। अवैध संबंध उजागर होने पर पति-पत्नी के बीच झगड़े, मारपीट या अपराध की घटनाएं आम हैं। लेकिन चंदौली से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको चौंका दिया। यहां एक पति ने अपनी 47 वर्षीय पत्नी को उसके 50 वर्षीय प्रेमी संग रंगे हाथ पकड़ लिया। विवाद खड़ा करने के बजाय खुद ही दोनों की शादी करा दी। इस अनोखी घटना की चर्चा अब पूरे इलाके में है।
मिर्जापुर के अरौरा निवासी अरविंद्र कुमार पटेल की शादी 25 साल पहले रीना देवी से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं—बेटी की शादी हो चुकी है और बेटा 18 साल का है। कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी, जिसके चलते रीना देवी चंदौली के हमीदपुर में किराए के मकान में रहने लगीं। इसी दौरान उनका प्रेम संबंध 50 वर्षीय सियाराम से हो गया।
बताया जाता है कि सोमवार दोपहर अरविंद्र अचानक पत्नी के मकान पर पहुंचे तो उन्होंने पत्नी को प्रेमी संग देख लिया। लेकिन गुस्सा करने या हंगामा करने की बजाय उन्होंने परिजनों और परिचितों को बुलाया और सबके सामने पत्नी को प्रेमी के गले में वरमाला डालने को कहा। इसके बाद मंदिर में पूरे विधि-विधान से दोनों का विवाह भी करा दिया।
रीना देवी ने भी स्वीकार किया कि वह सियाराम को 20 साल से जानती हैं और अब खुलेआम उनके साथ रह पाएंगी। वहीं, गांव के लोग इस घटना पर तंज कसते हुए कहते नजर आए—“जब पत्नी को प्रेमी ही पसंद है तो क्यों न उसकी डोली उसी के घर भेज दी जाए।”यह विचित्र लेकिन दिलचस्प घटना अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।