
चंदौली। बंगाल की खाड़ी पर चक्रवात बनने और मानसून द्रोणी के प्रभाव की वजह से जिले में पिछले दो दिनों तक हल्की बारिश हुई। लगभग 11 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी मौसम का हाल कुछ ऐसा ही रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश का क्रम जारी रहेगा। इससे तापमान नियंत्रित रहेगा। वहीं धान की फसल को भी लाभ होगा।
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह बताते हैं कि 19 अगस्त की शाम अवदाब पश्चिम बंगाल-उड़ीसा तट पार कर लिया। इससे प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में वर्षा के वितरण एवं तीव्रता में 19 अगस्त से एक बार पुनः बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। मानसून अवदाब के पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी दिशा में अग्रसरित होने के साथ साथ मानसून द्रोणी के पूर्वी छोर के भी तराई से दक्षिण में अपनी सामान्य अक्षीय स्थिति की ओर विस्थापित होने के कारण पूर्वांचल में बंगाल की खाडी़ से आने वाली आर्द्र पुरवा हवाओं के प्रभाव में उसके बाद भी छिटपुट बारिश का दौर जारी रहा। वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाडी़ पर अवस्थित चक्रवाती परिसंचरण के संभावित उत्तर-पश्चिमी अग्रसरण के कारण पूर्वांचल में हो रही बारिश का दौर आगे भी जारी रहने की संभावना है। इसी क्रम में 24 अगस्त की सुबह 08:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में चंदौली में 11 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
छह सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, बढ़ा खतरा
गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। वर्तमान में गंगा में पानी छह सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है। गुरुवार की सुबह तक जलस्तर 69.96 मीटर रिकार्ड किया गया। खतरे का बिंदु 71.262 मीटर है। जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।