
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा तेंदुई में गुरुवार को एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल और मायके पक्ष में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तेंदुई निवासी 22 वर्षीय प्रेमा चौहान उर्फ नेहा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में रामनगर के पास ही उसकी मौत हो गई।
प्रेमा ने लगभग छह महीने पहले गांव के ही कृष्णा चौहान उर्फ किशन से प्रेम विवाह किया था। पति के अनुसार, प्रेमा गर्भवती थी और गुरुवार दोपहर अचानक उसके पेट में तेज दर्द शुरू हुआ था, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मृतका के ससुर अजीत चौहान ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र निषाद ने बताया कि सूचना ससुराल पक्ष की ओर से दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

