क्राइमचंदौली

कंदवा विशाल सिंह हत्याकांड में पुलिस को अहम सुराग, नजदीकी पर शक; फार्म हाउस से मिला कारतूस

 

चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में होली के दूसरे दिन हुए किसान विशाल सिंह हत्याकांड में पुलिस अब खुलासे के करीब पहुंचती नजर आ रही है। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिससे घटना में किसी नजदीकी व्यक्ति के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस को घटना स्थल स्थित फार्म हाउस से एक हाफ पैंट बरामद हुआ, जिसकी जेब से एक कारतूस मिला। इस मामले में पुलिस ने मृतक के बड़े भाई विवेक सिंह से भी पूछताछ की, लेकिन उनके जवाब से पुलिस संतुष्ट नहीं हुई। विवेक सिंह ने पुलिस को बताया कि बरामद हाफ पैंट उसके नौकर का है।

जांच के दौरान पुलिस का खोजी कुत्ता भी फार्म हाउस से निकलकर पास के गेहूं के खेत तक गया, लेकिन इसके बाद वह वापस लौट आया।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने बताया कि हत्याकांड से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

जलालपुर गांव के बड़े काश्तकार अजीत सिंह के दो पुत्र विवेक सिंह और 28 वर्षीय विशाल सिंह खेती-बाड़ी का काम संभालते थे। गुरुवार को विशाल सिंह गांव के बाहर स्थित अपने फार्म हाउस पर आराम कर रहा था। इसी दौरान बदमाश वहां पहुंचे और उसकी कनपटी पर सटाकर गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि पहचान न हो सके। पुलिस के अनुसार घटना के पीछे पुराना विवाद कारण माना जा रहा है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी ।

Back to top button
error: Content is protected !!