
चंदौली। होली के त्योहार को देखते हुए चंदौली में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। विभाग की टीम ने खोवा, पनीर और नमकीन बनाने वाली इकाइयों पर छापेमारी करते हुए कई नमूने एकत्र किए। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर की जा रही है।
अभियान के पहले चरण में खाद्य सुरक्षा मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से आम लोगों और खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया गया। विभाग ने खास तौर पर खोवा व्यापारियों को चेतावनी दी कि वे मिलावटी खोवा की खरीद-फरोख्त से बचें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नमकीन फैक्ट्री पर छापा, नमूने जांच को भेजे
इसी क्रम में उप जिलाधिकारी सदर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पड़ाव स्थित एक नमकीन फैक्ट्री पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान नमकीन और बेसन के दो नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।
विभाग ने साफ किया है कि यदि कहीं भी मिलावटी खोया, पनीर, नमकीन या खाद्य तेल की बिक्री अथवा परिवहन पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की धाराओं के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जनता से सहयोग की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थ की जानकारी मिलने पर वे विभाग के मोबाइल नंबर 8887890254 पर सूचना दें।
आज की कार्रवाई का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह के साथ पुलिस भी मौजूद रही।

