
चंदौली। दानापुर से बेंगलुरु जा रही होली स्पेशल ट्रेन को शनिवार रात तकरीबन आठ बजे अलीनगर थाना क्षेत्र के जीवनाथपुर के पास एहतियातन रोकना पड़ा। रेलवे ट्रैक पर लोहे की वस्तु रख कर ट्रेन को पलटाने की कोशिश की गई थी। चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन रोक दी और स्टेशन मास्टर को अवगत कराया। स्टेशन मास्टर ने डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। प्राथमिक जांच में ट्रैक के पास लोहे का टुकड़ा मिला, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि उसे जानबूझकर ट्रैक पर रखा गया था या वह किनारे पड़ा था।
घटना के चलते कुछ समय तक ट्रेन रोकी गई, बाद में स्थिति सामान्य होने पर उसे रवाना कर दिया गया। एसपी ने बताया कि चालक और स्टेशन मास्टर की सूचना के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। रेलवे सुरक्षा और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुटी है।

