ख़बरेंचंदौली

बिजली संकट से भड़के किसान, इलिया विद्युत उपकेंद्र पर धरना; 10 एमवीए ट्रांसफार्मर और रूट डायवर्जन की मांग

चंदौली। बिजली की बदहाल व्यवस्था से नाराज किसानों ने शनिवार को किसान विकास मंच के बैनर तले इलिया विद्युत उपकेंद्र पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने लगातार हो रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग को लेकर विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थायी समाधान की मांग उठाई।

धरने को संबोधित करते हुए किसान विकास मंच के प्रवक्ता जयनाथ सिंह ने कहा कि क्षेत्र में लगातार नए बिजली कनेक्शन दिए जा रहे हैं, लेकिन उपकेंद्र की क्षमता में कोई वृद्धि नहीं की गई है। इसका खामियाजा किसानों और आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सिंचाई के समय पर्याप्त बिजली न मिलने से धान सहित अन्य फसलों की खेती प्रभावित हो रही है।

किसानों ने बताया कि इलिया विद्युत उपकेंद्र को आपूर्ति करने वाली हाईटेंशन लाइन चकिया क्षेत्र के जंगलों और खेतों से होकर गुजरती है। आंधी, बारिश और पेड़ों की टहनियों के संपर्क में आने से बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो जाती है। किसानों ने मांग की कि लाइन का रूट सड़क मार्ग से डायवर्ट किया जाए, ताकि बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु और निर्बाध हो सके।

संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि धान रोपाई के महत्वपूर्ण समय में किसान खेत छोड़कर धरने में शामिल होने को मजबूर हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक इलिया विद्युत उपकेंद्र पर 10 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित नहीं किया जाता और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरने के दौरान किसानों ने “किसान एकता जिंदाबाद”, “बिजली व्यवस्था दुरुस्त करो” और “उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाओ” जैसे नारे लगाए। मौके पर पहुंचे सहायक अभियंता अजय सिंह और अवर अभियंता विनोद यादव ने किसानों का ज्ञापन लेकर उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने तथा आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।

धरने में जयनाथ सिंह, जवाहरलाल यादव, इकलाख अहमद, सुरेश मौर्य, इंद्रदेव यादव, जुल्मी तिवारी, चंद्रशेखर सिंह, मलिक चौबे, अवध नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुन्नन पांडेय तथा संचालन राम अवध सिंह ने किया।

Back to top button
error: Content is protected !!