ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली के किसानों के लिए खुशखबरी : कृषि रक्षा उपकरण और बखारी पर मिलेगा 50% तक अनुदान, बुकिंग शुरू

चंदौली। जनपद के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। विभिन्न पारिस्थितिकीय संसाधनों द्वारा कीट एवं रोग नियंत्रण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषि रक्षा उपकरणों और सुरक्षित अन्न भंडारण बखारी की खरीद पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। योजना के तहत चंदौली जनपद को कुल 312 कृषि रक्षा उपकरण एवं बखारी का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इनका वितरण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।

जिला कृषि रक्षा अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि शासन द्वारा जनपद को 31 मानव चालित स्प्रेयर, 63 शक्ति चालित (पावर) स्प्रेयर तथा 218 सुरक्षित अन्न भंडारण बखारी का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। पात्र किसानों को निर्धारित मानकों के अनुसार अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। मानव चालित स्प्रेयर पर यंत्र की लागत का 50 प्रतिशत या अधिकतम 1,500 रुपये, जबकि पावर स्प्रेयर पर लागत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 3,000 रुपये का अनुदान मिलेगा। वहीं लघु एवं सीमान्त किसानों को अन्न भंडारण बखारी की खरीद पर लागत का 50 प्रतिशत या अधिकतम 2,000 रुपये तक की सहायता दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार खुले बाजार से किसी भी कंपनी का आईएसआई मार्का कृषि रक्षा यंत्र खरीद सकते हैं। जिन उपकरणों के लिए आईएसआई मानक निर्धारित नहीं हैं, उन्हें केंद्रीय संस्थानों अथवा कृषि विश्वविद्यालयों द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप खरीदा जा सकेगा। वहीं बखारी की अधिकतम क्षमता 5 क्विंटल (24 गेज, दो बंद व्यवस्था) तथा 3 और 2 क्विंटल (24 गेज, एक बंद व्यवस्था) निर्धारित की गई है। इसके निर्माण में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAIL) की उच्च गुणवत्ता वाली जीपी शीट का उपयोग अनिवार्य होगा।

जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत दिया जाएगा। इच्छुक किसान कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। टोकन कन्फर्म होने के बाद 10 दिनों के भीतर किसान को अपना क्रय बिल पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इसके बाद विभागीय अधिकारियों द्वारा उपकरण का भौतिक सत्यापन किया जाएगा और प्रक्रिया पूरी होने पर अनुदान की राशि सीधे किसान के बैंक खाते में डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी।

उन्होंने जिले के सभी पात्र किसानों से समय रहते पोर्टल पर पंजीकरण एवं बुकिंग कराने की अपील करते हुए कहा कि सीमित लक्ष्य होने के कारण किसान शीघ्र आवेदन कर इस लाभकारी योजना का अधिकतम फायदा उठाएं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!