ख़बरेंचंदौली

चंदौली पुलिस ने ढूंढ निकाले खोए हुए 101 मोबाइल, लोगों को सुपुर्द किए उनके फोन, चेहरों पर दिखी मुस्कान

चंदौली। जिले में गुम और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 101 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस के प्रयास की सराहना की।

 

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त मोबाइल गुम होने संबंधी प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए CEIR पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर विभिन्न थानों की पुलिस टीमों को मोबाइल बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। सर्विलांस टीम के सहयोग और तकनीकी माध्यमों के जरिए लगातार प्रयास करते हुए अलग-अलग स्थानों से 101 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए।

मंगलवार को पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। इस दौरान मोबाइल धारकों ने पुलिस के कार्य की प्रशंसा की। बरामद मोबाइलों में बबुरी से 9, बलुआ से 2, चकरघट्टा से 3, चकिया से 6, चन्दौली से 13, धानापुर से 9, धीना से 3, इलिया से 3, कंदवा से 3, मुगलसराय से 16, नौगढ़ से 3, सकलडीहा से 19, शहाबगंज से 6 और सैयदराजा से 6 मोबाइल शामिल हैं।

 

अब तक 1.50 करोड़ के 519 मोबाइल बरामद 

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक पांच चरणों में कुल 519 गुम/खोए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कुल कीमत करीब 1.52 करोड़ रुपये है। मोबाइल बरामदगी अभियान में सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के साथ सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल खोने पर तत्काल CEIR पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं और मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें। जरूरत पड़ने पर संबंधित थाना, CSC केंद्र अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र देकर सहायता ली जा सकती है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!