
चंदौली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. केएन पांडेय ने मुगलसराय स्थित क्षेत्राधिकारी (सीओ) कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने सीओ अरुण कुमार सिंह को एक पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुकता बढ़ाने का आह्वान किया।
डॉ. पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। बढ़ते प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र और बदलते मौसम चक्र का प्रभाव मानव जीवन के साथ-साथ जीव-जंतुओं और प्राकृतिक संसाधनों पर भी पड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है।

