
संवाददाता-बाबू चौहान
चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के रोहाखी गांव में शुक्रवार सुबह एक अधेड़ का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रोहाखी गांव निवासी मुन्नीलाल (52) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर सिवान में स्थित एक आम के पेड़ पर एक व्यक्ति का शव रस्सी के फंदे से लटका दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान मुन्नीलाल के रूप में हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को देखकर बिलख पड़े। मृतक के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। दोनों पुत्रों का विवाह हो चुका है। एक पुत्र रोजगार के सिलसिले में अपने परिवार के साथ गोवा में रहता है, जबकि दूसरा गांव में रहकर परिवार की देखभाल करता है। मुन्नीलाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर इलिया थाना प्रभारी चंदन राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

