
चंदौली। नीति आयोग की ओर से विकसित ‘नीति तारा‘ (NITI TARa) टूलकिट के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के संचालन और उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि ‘नीति तारा‘ एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से जिले के सभी संबंधित विभाग अपनी-अपनी विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। विभागों को उपलब्ध कराए गए आईडी और पासवर्ड के जरिए वे अन्य विभागों की प्रगति रिपोर्ट भी देख सकेंगे, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि इस डिजिटल व्यवस्था के लागू होने से सरकारी योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी। इससे विभागों के बीच समन्वय मजबूत होगा, कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करना आसान होगा।
उन्होंने कहा कि डेटा आधारित रिपोर्टिंग से योजनाओं के वास्तविक प्रदर्शन का आकलन किया जा सकेगा, जिससे प्रशासन को समयबद्ध और प्रभावी निर्णय लेने में सहायता मिलेगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग करते हुए पोर्टल पर समय से और सही जानकारी अपलोड करें, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

