
चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बुधवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं और बालिकाओं ने अपनी समस्याएं और शिकायतें आयोग के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त मामलों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में मुख्य रूप से दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, महिलाओं की सुरक्षा तथा भूमि एवं संपत्ति से जुड़े विवादों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने प्रत्येक पीड़िता की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निष्पक्ष, समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई से पहले सुनीता श्रीवास्तव ने जिले के सिकरी गांव का दौरा कर जन चौपाल में भाग लिया। चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं के लाभ, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याण योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन भी उतना ही आवश्यक है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को समय पर सहायता और न्याय मिल सके। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, क्षेत्राधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, पिछड़ा कल्याण अधिकारी रत्नेश सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

