
चंदौली। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अबकी एक लाख नए मतदाता पहली बार मताधिकार का प्रयोग कर पंचायत प्रतिनिधियों के चुनाव में अहम कड़ी साबित होंगे। 18 साल की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं का नाम भी सूची में जोड़ा गया है। अभियान के दौरान जिले में 3.30 लाख मतदाता जुड़े जबकि लगभग एक लाख शिफ्टेड व मृतकों का नाम सूची से काट दिया गया। दावा और आपत्तियों का निस्तारण कर मतदाताओं की डाटा फीडिंग चल रही है। इस बार पंचायत चुनाव में 15 लाख से अधिक मतदाता गांव की सरकार चुनेंगे।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 15 अक्टूबर से 12 नवंबर तक जिले में विशेष अभियान चलाया गया। बीएलओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किया था। जिन लोगों का नाम किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो सका था, उन्होंने प्रारूप छह के तहत आवेदन कर मतदाता बनने के लिए दावेदारी की थी। पुनरीक्षण के दौरान 3.30 लाख मतदाताओं का नाम सूची में शामिल किया गया। इसमें एक लाख युवा मतदाता हैं। पंचायत चुनाव में युवाओं की भूमिका अहम होगी। इसमें कई ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत पद के लिए मैदान में उतर सकते हैं तो प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल भी बना सकते हैं। ऐसे में भावी उम्मीदवारों की नजर युवाओं पर गड़ गई है। उन्हें अपने पाले में करने की जुगत में लग गए हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी कैलाश यादव ने बताया कि इस बार मतदाता सूची में 3.30 लाख मतदाताओं का नाम जोड़ा गया है। पंचायत चुनाव में मतदाताओं की संख्या 15 लाख के आस-पास रहेगी। इसमें लगभग एक लाख युवा मतदाता हैं, जिनका नाम पहली बार सूची में शामिल किया गया है।