
चंदौली। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को यूरिया और डीएपी उर्वरक की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी-पैक्स) चंदौली लिमिटेड तथा मंडी परिसर स्थित किसान सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खाद की उपलब्धता, स्टॉक की स्थिति, अभिलेखों और वितरण व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया तथा मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने समिति में उपलब्ध उर्वरक के भौतिक स्टॉक का मिलान स्टॉक पंजिका और ई-पॉश (PoS) मशीन में दर्ज आंकड़ों से कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में खाद की किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर समयबद्ध तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।

मंडी परिसर स्थित किसान सेवा केंद्र के निरीक्षण के दौरान बिक्री रजिस्टर अद्यतन न मिलने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सभी अभिलेख अपडेट करने के निर्देश देते हुए कहा कि रिकॉर्ड संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को उर्वरक का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ केवल ई-पॉश मशीन के माध्यम से किया जाए, ताकि वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी खाद की कालाबाजारी, ओवररेटिंग, जमाखोरी या अन्य अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने किसानों की सुविधा को भी प्राथमिकता देते हुए समिति परिसर में स्वच्छ पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही गोदामों में पर्याप्त मात्रा में खाद का स्टॉक बनाए रखने और प्रतिदिन वितरण की रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को समय पर उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, एआर कोऑपरेटिव विपिन कुमार सहित कृषि विभाग और सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

