ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में भारी बारिश, 12वीं तक के स्कूलों में बच्चों की छुट्टी, शिक्षकों को जाना होगा विद्यालय

चंदौली। जिले में गुरुवार को पूरे दिन बारिश को देखते हुए प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर शुक्रवार, 30 अक्टूबर को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित रहेगा। हालांकि, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय पहुंचकर शासकीय कार्यों का निस्तारण करना अनिवार्य होगा।

 

इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने संयुक्त आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, जिले में संचालित सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ ही सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों से संबद्ध शिक्षण संस्थानों में भी शुक्रवार को विद्यार्थियों की पढ़ाई नहीं होगी।

 

सभी बोर्डों के विद्यालयों पर लागू होगा आदेश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय जिले के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों पर समान रूप से लागू रहेगा। लगातार बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य

विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित रहने के बावजूद प्रधानाध्यापक, प्रधानाचार्य, शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को अपने-अपने विद्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा। इस दौरान उन्हें विभागीय और अन्य शासकीय कार्यों का निस्तारण करना होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!