
चंदौली। सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग बनाकर हथियारों का प्रदर्शन करने, आपराधिक छवि का प्रचार-प्रसार करने और समाज में भय तथा असुरक्षा का माहौल पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ चन्दौली पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन में 1 जून से 5 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत जिले भर में ऐसे 64 गैंगों को चिह्नित किया गया। इनमें से 49 गैंगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर कुल 187 नामजद व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई, जबकि चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई ऐसे समूह सक्रिय पाए गए जो गैंग बनाकर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो साझा कर रहे थे। ये लोग अपने आपराधिक प्रभाव और दबंगई का प्रदर्शन कर युवाओं को प्रभावित करने तथा समाज में भय का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे थे। अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ऐसे समूहों की पहचान कर उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए।
विशेष अभियान के तहत क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने बीट पुलिसकर्मियों की सहायता से सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंगों, पेजों और समूहों की निगरानी की। जांच में पाया गया कि कई समूह संगठित रूप से अपराधियों का महिमामंडन कर रहे थे और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहे थे। इसके बाद पुलिस ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू की।

अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में बलुआ थाना क्षेत्र के बड़गावां निवासी आमिर अहमद, मुगलसराय क्षेत्र के नईसट्टी निवासी रम्मन सोनकर, हनुमानपुर निवासी प्रांशु चौहान तथा नौगढ़ थाना क्षेत्र के अमृतपुर निवासी संतोष यादव शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानावार कार्रवाई की बात करें तो मुगलसराय और धानापुर थाना क्षेत्रों में सर्वाधिक छह-छह मुकदमे दर्ज किए गए। इसके अलावा चन्दौली और बलुआ में पांच-पांच, अलीनगर और सैयदराजा में चार-चार, बबुरी एवं कंदवा में तीन-तीन तथा अन्य थाना क्षेत्रों में भी कई मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस ने 65 अन्य सदस्यों की भी पहचान की है, जिनके खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संचालन, हथियारों का प्रदर्शन, आपराधिक गतिविधियों का प्रचार-प्रसार अथवा युवाओं को गुमराह करने जैसी गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाने को दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इसके अलावा वाराणसी जोन द्वारा संचालित आधिकारिक व्हाट्सएप बॉट नंबर 7839860411 के माध्यम से भी नागरिक अपनी शिकायत या सूचना गोपनीय रूप से दर्ज करा सकते हैं। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अपराध और अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।

