
चंदौली। चकिया ब्लॉक परिसर में नवनिर्मित भव्य प्रवेश द्वार का बुधवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। क्षेत्र पंचायत निधि से लगभग 12 लाख रुपये की लागत से तैयार इस आकर्षक द्वार का उद्घाटन चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने फीता काटकर किया। उन्होंने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया।

लोकार्पण समारोह को उत्सव का रूप दिया गया। बैंड-बाजे की धुन के बीच विधायक ने द्वार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और यह प्रवेश द्वार उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे ब्लॉक परिसर की पहचान और भी सशक्त होगी। वहीं, ब्लॉक प्रमुख शंभू नाथ सिंह यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह द्वार क्षेत्र पंचायत के सहयोग से तैयार हुआ है और क्षेत्र के विकास का प्रतीक है।

नवनिर्मित प्रवेश द्वार अपनी भव्यता और कलात्मक डिजाइन के कारण आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। द्वार के दोनों ओर चकिया ब्लॉक की 89 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नाम उकेरे गए हैं, जो इसे विशेष पहचान देते हैं। इसके साथ ही द्वार के शीर्ष पर राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ और चक्र की आकृतियां भी बनाई गई हैं, जो इसकी सुंदरता को और बढ़ाती हैं।
कार्यक्रम की मेजबानी ब्लॉक प्रमुख शंभू नाथ सिंह यादव ने की। इस मौके पर भाजपा के चंदौली जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिला महामंत्री उमाशंकर सिंह, जिला पंचायत सदस्य डॉ. प्रदीप कुमार मौर्य के साथ ही बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, भाजपा कार्यकर्ता और ब्लॉक के कर्मचारी उपस्थित रहे।

