ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: डीएम ने चंद्रप्रभा और गड़ई नदी से बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा, अफसरों से ली जानकारी, बोले- राहत और बचाव कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

चंदौली। लगातार बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के चलते उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग मंगलवार को बबुरी क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने चंद्रप्रभा नदी और पड़्या स्थित गढ़ई नदी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदियों के जलस्तर, जलभराव और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों से बाढ़ के मौजूदा हालात और राहत कार्यों के संबंध में भी जानकारी ली।

 

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (चंद्रप्रभा) और संबंधित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि दोनों नदियों का जलस्तर अब तेजी से घट रहा है। बांधों से पानी का डिस्चार्ज भी कम कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार जलस्तर में लगातार कमी आने से जल्द ही क्षेत्र की स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

राहत कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्तर घटने के बावजूद जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक सभी संबंधित अधिकारी क्षेत्र में बने रहें और लगातार निगरानी करते रहें। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित ग्रामीणों और किसानों तक समय से राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

 

डीएम ने जलभराव वाले इलाकों में दवा का छिड़काव कराने के साथ शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने फसलों को हुए नुकसान का पारदर्शी तरीके से आकलन कराने को कहा, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जा सके। अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हुए ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेने के निर्देश भी दिए गए।

फसलों के नुकसान को लेकर किसान चिंतित

नदियों में आए उफान के कारण बबुरी क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों में निचले इलाकों में पानी भरने और फसलों के प्रभावित होने की चिंता बनी हुई थी। डीएम के मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और जलस्तर घटने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। किसानों ने जलभराव में डूबी फसलों का जल्द सर्वे कराने और नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। प्रशासन की ओर से इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी ग्रामीण या किसान को परेशानी न हो, इसके लिए लगातार क्षेत्र का भ्रमण किया जाए। साथ ही जलनिकासी, पेयजल और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर विशेष नजर रखी जाए।

 

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, सिंचाई विभाग के अभियंता तथा स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी के स्थलीय निरीक्षण से प्रशासन की सक्रियता का संदेश गया। हालांकि जलस्तर घटने से स्थिति में सुधार के संकेत हैं, लेकिन प्रशासन ने पूरी तरह सामान्य होने तक निगरानी और राहत कार्य जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!