ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में जाम से राहत के लिए रूट डायवर्जन, एनएच-19 की सर्विस लेन पर वन-वे

चंदौली। कस्बा चंदौली में आए दिन लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने एनएच-19 की सर्विस लेन पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। कचहरी की ओर जाने वाली सर्विस लेन पर एकल मार्ग व्यवस्था 2 सितंबर की सुबह आठ बजे से लागू की जाएगी। यह व्यवस्था फिलहाल प्रायोगिक तौर पर एक सप्ताह के लिए लागू रहेगी। ट्रायल के दौरान जाम की स्थिति और यातायात संचालन के परिणामों का आकलन करने के बाद इसे स्थायी रूप से लागू करने पर निर्णय लिया जाएगा।

 

यातायात पुलिस के अनुसार रेलवे ओवरब्रिज से सकलडीहा की ओर से आने वाले वाहनों को ओवरब्रिज से उतरने के बाद सीधे कमलापति त्रिपाठी अस्पताल अंडरपास की ओर जाना होगा। यहां से वाहन दाईं ओर मुड़कर कचहरी की तरफ जा सकेंगे।

 

दक्षिणी सर्विस लेन पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

नई व्यवस्था के तहत पावर हाउस अंडरपास से दक्षिणी सर्विस लेन के रास्ते कचहरी की ओर जाने वाले वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को पुलिस लाइन के सामने स्थित उत्तरी सर्विस लेन से होकर कमलापति त्रिपाठी अस्पताल अंडरपास तक जाना होगा। इसके बाद वाहन निर्धारित मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

 

यातायात पुलिस ने कचहरी के सामने स्थित अंडरपास को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यहां किसी भी वाहन को उत्तरी सर्विस लेन से दक्षिणी सर्विस लेन अथवा दक्षिणी से उत्तरी सर्विस लेन में क्रॉस करने की अनुमति नहीं होगी। वाहन जिस सर्विस लेन से आएंगे, उसी लेन से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

 

एक सप्ताह में व्यवस्था की होगी समीक्षा

यातायात पुलिस का कहना है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य कस्बे में यातायात को व्यवस्थित करना और जाम की समस्या को कम करना है। एक सप्ताह के ट्रायल के दौरान यातायात दबाव और जाम की स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर आगे की व्यवस्था तय की जाएगी।

 

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों से नई व्यवस्था का पालन करने तथा यातायात कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि निर्धारित मार्ग का पालन करने से यातायात व्यवस्था सुचारू रखने में मदद मिलेगी और जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!