
चंदौली। चहनियां ब्लॉक के रइया गांव में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में सर्पदंश से 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घर के फर्श पर सो रही किशोरी को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजनों ने उसे बचाने के लिए पूरी रात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और बीएचयू वाराणसी तक दौड़ लगाई, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
रइया गांव निवासी अनिल की 15 वर्षीय पुत्री पिंकी रविवार रात अपनी बड़ी बहनों गंगा और जमुना के साथ घर के फर्श पर सो रही थी। देर रात अचानक एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। कुछ ही देर बाद पिंकी की नींद खुली तो उसने अपनी बहनों को जगाकर बताया कि उसे किसी जीव ने काट लिया है। इसी दौरान बहनों की नजर पास से रेंगते हुए एक सांप पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाकर परिवार के अन्य लोगों को बुलाया।
बेटियों की चीख-पुकार सुनकर पिता अनिल और माता शिमला देवी तुरंत मौके पर पहुंचे। पिंकी की तबीयत तेजी से बिगड़ती देख परिजन उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) चहनियां लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी उपचार के दौरान उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे बीएचयू, वाराणसी भेज दिया।
परिजन उसे लेकर बीएचयू के लिए रवाना हुए, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही पिंकी ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पिता अनिल दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक रूप से साधारण परिवार पर इस घटना ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। मां शिमला देवी, पिता अनिल तथा बहनें गंगा और जमुना का रो-रोकर बुरा हाल है।

