
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। खेत में सिंचाई और धान की रोपाई की तैयारी कर रहे किसान पर अचानक बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
धानापुर थाना क्षेत्र के कवलपुरा गांव निवासी श्याम कुमार (37), पुत्र स्वर्गीय तेजबहादुर, रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे अपने खेत में धान की रोपाई के लिए सिंचाई का कार्य कर रहे थे। उस समय क्षेत्र में बारिश हो रही थी और मौसम खराब था। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में श्याम कुमार आ गए। बिजली का झटका इतना तेज था कि वह खेत में ही गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
सूचना मिलने पर धानापुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक श्याम कुमार अपने परिवार के मुख्य सहारा थे। उनके परिवार में पत्नी कुमकुम सिंह, दो पुत्र ऋषभ सिंह और राघवेंद्र प्रताप सिंह हैं। वह अपने दो भाइयों में छोटे थे, जबकि उनके बड़े भाई रिंकू सिंह वाराणसी में रहते हैं। श्याम कुमार की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

