ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: दोस्तों संग पार्टी मनाकर लौटे बाइक मैकेनिक की नहर में डूबकर मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के भूसीकृत पुरवा गांव निवासी युवक की रविवार को नहर में डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ लतीफशाह डैम पर पार्टी मनाकर लौटे युवक पड़रिया पुल के पास नहर में नहाने गया, उसी दौरान गहरे पानी में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

 

भूसीकृत पुरवा निवासी शुभम उर्फ शैलेश प्रजापति (30 वर्ष), पुत्र राम आशीष प्रजापति, पेशे से मोटरसाइकिल मैकेनिक था। रविवार को वह अपने तीन दोस्तों के साथ लतीफशाह डैम पर पार्टी मनाने गया था। वापस लौटते समय पड़रिया गांव के सामने स्थित गोविन्दीपुर साख नहर के पास सभी दोस्त नहाने के लिए रुक गए।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाने के दौरान शैलेश अचानक नहर के गहरे हिस्से में पहुंच गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी देर तक खोजबीन के बाद शैलेश को नहर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

 

घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शैलेश अपने परिवार में तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। परिवार में केवल उसकी ही शादी हुई थी। पत्नी और एक मासूम बेटा है, जबकि अन्य भाई-बहनों का विवाह अभी नहीं हुआ है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से शैलेष के ही कंधों पर थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Back to top button
error: Content is protected !!