
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के भूसी कृतपुरवा गांव में शनिवार को सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को उस समय विरोध और तनाव का सामना करना पड़ा, जब पुराने रास्ते के विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। कार्रवाई के दौरान दो लोगों की तबीयत बिगड़ने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज और थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सरकारी भूमि पर गोबर और ईंट रखकर कब्जा किया गया था, जिसको लेकर गांव के लालचंद यादव, सुरेंद्र यादव और दयाराम यादव के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है।
प्रशासनिक टीम ने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और विरोध के चलते कार्रवाई प्रभावित हो गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसी बीच विवाद के दौरान सुरेंद्र यादव अचानक बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे हड़कंप मच गया। उन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं लालचंद यादव की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
गौरतलब है कि 12 अप्रैल को दोनों पक्षों के बीच प्रशासन की पहल पर समझौता कराया गया था, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया, जिससे स्थिति दोबारा बिगड़ गई। अब प्रशासन ने संबंधित पक्षों को अंतिम चेतावनी देते हुए निर्देश दिया है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाएं, अन्यथा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।

