ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली से रवाना हुई सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा, डीएम ने दिखाई हरी झंडी, आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ेंगे तीर्थयात्री

चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अंतर्गत जनपद चंदौली से तीर्थयात्रियों का दल शनिवार को रवाना किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए प्रस्थान कराया। इस यात्रा का उद्देश्य प्रदेशवासियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक आस्था से जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक दृढ़ता, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह पहल पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। योजना के तहत प्रदेश के प्रत्येक जनपद से 10 तीर्थयात्रियों और एक नोडल अधिकारी को इस यात्रा में शामिल किया जा रहा है।

 

जनपद चंदौली से चयनित 10 तीर्थयात्री विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिनमें महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, स्वयंसेवक, व्यापारी, सफाई कर्मी और सरकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं। यात्रा के लिए योगेश कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 अप्रैल को चंदौली से लखनऊ के लिए प्रस्थान, 19 अप्रैल को लखनऊ से सोमनाथ के लिए रवाना होना, 21 अप्रैल को गुजरात स्थित सोमनाथ पहुंचना तय है। इसके बाद 22 और 23 अप्रैल को तीर्थयात्री विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 24 अप्रैल को वापसी यात्रा लखनऊ के लिए शुरू होगी।

 

यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को सोमनाथ मंदिर दर्शन, संकल्प संवाद, लाइट एंड साउंड शो, म्यूजियम भ्रमण, भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन और दीप उत्सव जैसे कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।

 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, जिला पर्यटन अधिकारी कुमार द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा को सफल और मंगलमय होने की कामना की गई।

 

Back to top button
error: Content is protected !!