
चंदौली। आगामी पावन सावन माह को लेकर चंदौली पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को सकलडीहा स्थित ऐतिहासिक श्री कालेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस, राजस्व, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सावन माह, विशेषकर प्रत्येक सोमवार को मंदिर में करीब 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।

एसपी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मंदिर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित होने के कारण रेलवे ट्रैक और भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रेलवे लाइन के आसपास किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था रोकने के लिए विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की गई है। इसके तहत राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ समन्वय स्थापित कर रेलवे ट्रैक और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित न हो।

भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर संभावित जाम की समस्या से निपटने के लिए भी विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की जाएगी। रेलवे अधिकारियों के सहयोग से पुलिस बल की तैनाती कर यातायात को सुचारु बनाए रखने की व्यवस्था की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सावन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की कि वे दर्शन के दौरान अनुशासन बनाए रखें, निर्धारित कतारों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि सभी के सहयोग से सावन पर्व सकुशल संपन्न कराया जा सके।
