ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: कचहरी के बाहर टप्पेबाजी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, ऑटो चालक समेत तीन आरोपी दबोचे गए, चोरी के ₹5 हजार बरामद

चंदौली। पुलिस ने कचहरी गेट के पास यात्रियों को झांसे में लेकर टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ऑटो चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए ₹5,000 तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट का ऑटो भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी यात्रियों को ऑटो में बैठाकर भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए उनकी जेब से रुपये पार कर देते थे।

 

पुलिस के अनुसार, धीना थाना क्षेत्र के भैसाकला निवासी अनिल कुमार शुक्ल ने 16 जुलाई को चंदौली कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह दोपहर करीब 12:30 बजे सकलडीहा रोड पुल की ओर से कचहरी जा रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने कचहरी का रास्ता पूछते हुए उन्हें ऑटो में बैठा लिया। कचहरी गेट के सामने उतरने से पहले चालक और उसके साथियों ने उन्हें बातचीत में उलझाकर जेब से ₹5,000 निकाल लिए और भागने लगे।

 

पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर ऑटो चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। तहरीर के आधार पर थाना चंदौली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान ऑटो चालक की निशानदेही पर उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान रितेश मौर्य निवासी शिवपुर थाना अदलहाट, बृजभान निवासी हाजीपुर थाना अदलहाट तथा दीपक उर्फ किसमिस निवासी जमुआ बाजार थाना कछवां, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई।

 

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मिलकर सीधे-साधे यात्रियों को निशाना बनाते थे। योजना के तहत ऑटो में यात्रियों को बैठाकर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहन रोकते और मौका मिलते ही जेब से नकदी निकाल लेते थे। कचहरी गेट के पास भी इसी तरीके से पीड़ित की जेब से रुपये चोरी किए गए थे।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी ₹5,000 की रकम तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट का ऑटो बरामद कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे में आवश्यक बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!