
चंदौली। जिला जज दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी की अदालत ने मारपीट और लूट के मामले में गिरफ्तार किए गए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शिवपाल सिंह को जमानत दे दी। इससे अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक खिलाड़ी और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
अधिवक्ता ने कहा कि पुलिस के द्वारा गलत धाराओं और गलत आरोप के आधार पर इंटरनेशनल खिलाड़ी शिवपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया, लेकिन न्यायिक व्यवस्था ने शिवपाल सिंह को जमानत दे दी है। बता दे कि बलुआ थाने की पुलिस टीम ने 10 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक खिलाड़ी शिवपाल सिंह सहित तीन लोगों को मारपीट और लूट के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस के द्वारा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को गिरफ्तार करने का मामला काफी तूल पकड़ा था। इसके बाद पुलिस की कार्यशाली पर लोग सवाल उठाने लगे थे। इसी मामले की शुक्रवार को जिला जज दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी की अदालत में सुनवाई हुई।
अदालत में सुनवाई के दौरान शिवपाल सिंह की तरफ से अधिवक्ता संदीप रघुवंशी ने कोर्ट में पैरवी किया तथा तर्क प्रस्तुत किया। जिसके आधार पर कोर्ट ने पाया कि शिवपाल सिंह को इस मामले में जमानत दी जा सकती है। ऐसे में जिला जज ने शिवपाल सिंह की जमानत को मंजूर कर लिया है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शिवपाल सिंह के अधिवक्ता ने बताया कि पुलिस के द्वारा एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को गलत आरोप में फंसा कर जेल भेजा गया था। जिससे पीड़ित के परिवार का सामाजिक और मानसिक उत्पीड़न हुआ था। इस बात को कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। कोर्ट ने सभी तथ्यों को देखते हुए जमानत मंजूर किया।

