
चंदौली। शनिवार को चकिया तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का बिना किसी भेदभाव के समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 112 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 2 मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए अग्रसारित किया गया।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याएं उच्च स्तर तक पहुंच रही हैं, जो यह दर्शाता है कि निचले स्तर पर समय से कार्य नहीं हो रहा है। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को निर्देशित करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में मौके पर जाकर निरीक्षण करें और आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार करें। किसी भी प्रकार के दबाव या पक्षपात को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने निर्विवाद वरासत जैसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निस्तारण करते समय केवल समय सीमा ही नहीं, बल्कि गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए ताकि शिकायत दोबारा न आए।
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने धीमे इंटरनेट नेटवर्क की समस्या उठाई, जिससे ऑनलाइन कार्यों में बाधा आ रही है। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि नियमानुसार आवश्यक कदम उठाकर इस समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उप जिलाधिकारी चकिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अभियंता विद्युत, एआर कोऑपरेटिव, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय दें, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

