ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में भीषण गर्मी, डीएम ने पेयजल आपूर्ति का जाना हाल, दिए निर्देश

चंदौली। भीषण गर्मी को देखते हुए जनपद में पेयजल संकट से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति और समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से नौगढ़ विकास खंड को केंद्र में रखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने जिला पंचायती राज अधिकारी और नौगढ़ के खंड विकास अधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी वास्तविक जरूरतों का आकलन करें और जनसंख्या के अनुरूप पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने बताया कि गर्मी के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में जल स्तर काफी नीचे चला जाता है, जिससे हैंडपंप काम करना बंद कर देते हैं और लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे गांवों में वैकल्पिक स्रोतों के माध्यम से शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में लोगों को पानी के लिए भटकना न पड़े।

 

उन्होंने अधिशासी अभियंता, जल निगम को जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकियों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जहां पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां तत्काल पेयजल आपूर्ति शुरू कराई जाए। साथ ही टंकी निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

 

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि गठित टीमों के माध्यम से निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कराया जाए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा पशुओं के लिए भी पानी की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि गांवों के तालाबों में पानी भरवाया जाए या आवश्यकता पड़ने पर पानी के टैंक स्थापित किए जाएं।

 

अंत में जिलाधिकारी ने गांवों में पानी पहुंचाने वाले टैंकरों के संचालन के लिए रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे नियमित और व्यवस्थित रूप से जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि इस गर्मी में किसी भी गांव में पेयजल संकट उत्पन्न न हो और हर व्यक्ति को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!