
चंदौली। अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चकिया पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अपाची मोटरसाइकिल सवार प्रमोद नामक दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध असलहा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को थाना चकिया की टीम गढ़वा घाट कुटिया के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सोनबरसा गांव की ओर से एक अपाची बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक .32 बोर का अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रमोद कुमार पटेल और प्रमोद कुमार यादव के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पड़ोसी जनपद सोनभद्र के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम जानकारियां पुलिस को दी हैं। मुख्य आरोपी प्रमोद पटेल ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा है और अपनी सुरक्षा के लिए उसने यह अवैध असलहा खरीदा था। उसने खुलासा किया कि यह हथियार बिहार के हाटा क्षेत्र से एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदा गया था, जिसमें उसके साथी प्रमोद यादव ने मदद की थी। प्रमोद यादव ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि वह अपने मित्र को बिहार ले गया था, जहां यह सौदा हुआ।
पुलिस के अनुसार, प्रमोद यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में मारपीट सहित अन्य मामलों में वांछित रह चुका है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चकिया में मु.अ.सं. 102/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामदगी में एक अवैध .32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और अपाची मोटरसाइकिल (नंबर UP64BB1531) शामिल हैं। इस सफल कार्रवाई में उप-निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार यादव और कांस्टेबल श्रीराम यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही है।

